नादान ख़्वाहिशें और चित्रकारी


साल 2000 में दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाला सीरियल शाका लाका बूम बूम मेरा पसंदीदा हुआ करता था। संजू की वो जादुई पेंसिल सीरियल की केंद्रबिंदु थी जो प्रत्येक बच्चे की तरह मुझे भी चाहिए थी। मैं भी अपनी ज़रूरत के अनुसार कोई भी चित्र कॉपी पर बना उसे पाना चाहती थी। 

बचपन की चाहत भी अजीब-ओ-गरीब थी। तब चाहत होती थी- अपने पसंदीदा रंग का गुब्बारा, खेलने को कुछ खिलौने.. जैैसे किचन सेट और डॉक्टर सेट, मिठाइयां, चॉकलेट और गुड़िया की। गुड़िया.. जिससे मैं ढेरों बातें करना चाहती थी और उसका ख़्याल बिल्कुल वैसे ही रखना चाहती थी जैसे मेरी मां मेरा रखती थी। उसके ढेर सारे कपड़े और मैचिंग जूती। इन सबके अलावा गर्मी के साथ-साथ ठंड के मौसम में भी आम चाहिए होते थे और ठंड के बाद गर्मी में भी गाजर की ख़्वाहिश रहती थी। गाजर का हलवा मुझे बेहद पसंद था। क्लास में हाईएस्ट मार्क्स और पढ़ने के लिए कहानियों की किताबें। लेकिन मुश्किल यह थी कि मुझे ड्रॉइंग नहीं आती थी। आम, गाजर, चॉकलेट के लिए खींची गई सीधी रेखा और बैलून बनाना भी मेरे लिए टेढ़ी खीर थी। इसलिए मैं उदास होकर सोचती.. पेंसिल मुझे मिल भी गई तो मेरे किसी काम की नहीं। अंगूर खट्टे है कहानी की लोमड़ी की तरह मैं भी अपने मन को समझा लेती कि पेंसिल वास्तविक नहीं काल्पनिक है।


पर अब मैं चित्र बनाना सीख गई हूं और ये सारी चीज़ें मिनटों में बना सकती हूं। लेकिन.... किचन सेट.. ये अब असली वाले मिल गए हैं और डॉक्टर सेट.. खिलौने वाले नहीं चाहिए। गुड़िया.. घर में शीशे के अलमीरा में पैक हो गई है। गाजर का हलवा अब पसंद नहीं। कहानियों की किताबें पढ़ने के लिए अब जादुई पेंसिल की ज़रूरत नहीं। उन्हें ऐसे भी खरीद लेती हूं। अब सोचती हूं.. शाका लाका बूम बूम वाली संजू की वो जादुई पेंसिल मुझे मिले तो सबसे पहले क्या बनाऊंगी??? शायद तुम्हें...??? पता नहीं....

Comments

  1. Bahut achha likha hai aapne bachpan ki baaten to yaad aa hi gyi sath hi abhi ki khwahishon pr dhyan le gyi ❤️❤️

    ReplyDelete

Post a Comment