सूरज
The problem is how to remain
artist once we grow up.
यह कहना है पाब्लो पिकासो का... अर्थात् हर बच्चा एक कलाकार होता है। समस्या यह है कि बढ़ती उम्र के साथ हम कैसे उस कलाकार को बचाएं। कुछ ही लोग होते हैं जो अपनी कला को ज़िंदा रख पाते हैं। यह कहानी है सूरज की जिसका जन्म एक बहुत ही गरीब परिवार में हुआ था। एक गरीब परिवार में लड़के का जन्म मां बाप की कई उम्मीदें बढ़ा देता है। घरवाले कहते थे, "यह बड़ा होकर पुलिस दारोगा बनेगा और हमारी गरीबी मिटाएगा।" पर उस छोटे से बच्चे के कुछ अलग ही सपने थें। वह कहता था, "नहीं, हम फोटो बनाने वाला बनेंगे।"
एक बार की बात है, सूरज ने अपने चाचा की साइकिल पर "पुलिस" लिखा हुआ देखा। उसे उस लिखावट से प्यार हो गया। चाचा से पूछने पर उन्होंने बताया कि एक पेंटर हैं 'चौधरी जी' उन्हीं के यहां लिखवाया है। फिर क्या था.. वह ज़िद करने लगा कि हमरो के ओयजा ले चलअ। हमरा के ईहे सीखे के ह। सबके मना करने के बाद भी सूरज ने अपनी ज़िद नहीं छोड़ी। उसे तो अपनी राह दिख रही थी। चाचा को उसे चौधरी जी के यहां ले जाना पड़ा। वहां वह कारीगरों को काम करते देखता और शाम में उनका ब्रश धुलता था। यह सिलसिला लगभग एक महीने तक चला। एक महीने बाद उसे फ्रेम के लिए लकड़ी लाने और बॉर्डर में रंग भरने का काम दिया गया। इस काम के उसे रोज़ के 5 रुपए मिलते थे। शाम को घर लौटते वक़्त चौक पर जिसके वह 4 समौसे खाता और बचे हुए पैसे जोड़कर रंग और ब्रश खरीदता था। अगले दो साल में चौधरी जी ने सूरज को अक्षर लिखना (calligraphy) भी सिखाया। जिसका अभ्यास वह घर आकर थाली के पिछले भाग पर किया करता था। अब उसकी उत्सुकता और बढ़ने लगी थी। पर घरवाले और आस पास वाले कहते थे कि कामचोर हो गया है, फालतू का काम कर रहा। सूरज सभी की बातों को अनसुना कर बस अपने काम पर ध्यान देता था।
नदी किनारे रहने से सूरज को रंगों के साथ-साथ मिट्टी और पानी से भी बेहद प्यार था। विद्यालय की लालितकला और हस्तकला की परीक्षा ने उसे मिट्टी से कछुआ, खरगोश, आम, अमरूद, अंगूर बनाना सीखा दिया था। और हर सुबह नदी में नहाने और मछली पकड़ने की रुचि ने उसे तैरना सीखा दिया था। 5 रुपए की दैनिक आय बढ़कर 10, फिर 15 और चार साल में 60 रुपए हो गई थी।
चौधरी जी का एक बेटा था रवि। उसे भी रंगों से बेहद प्यार था। अपने इस कलाकारी को ज़िंदा रखने के लिए वह पेंटिंग सीखने अपने शहर के प्रख्यात कलाकार मेहदी शॉ के पास जाया करता था। मेहदी शॉ एक अंतरराष्ट्रीय कलाकार हैं जो उस वक़्त अपनी कला की दुनिया से बच्चों को रूबरू कराते थें।
रवि और सूरज की अब तक अच्छी दोस्ती हो गई थी। रवि ने सूरज को भी अपने साथ गुरुजी के पास चलने को कहा लेकिन उसके पास सीखने के पैसे नहीं थे। रवि ने गुरुजी से बात की। गुरुजी बिना पैसे लिए सिखाने को तैयार हो गए। सच... गुरु कला देखते हैं.. कलाकार की स्थिति नहीं।
रवि और सूरज की अब तक अच्छी दोस्ती हो गई थी। रवि ने सूरज को भी अपने साथ गुरुजी के पास चलने को कहा लेकिन उसके पास सीखने के पैसे नहीं थे। रवि ने गुरुजी से बात की। गुरुजी बिना पैसे लिए सिखाने को तैयार हो गए। सच... गुरु कला देखते हैं.. कलाकार की स्थिति नहीं।
गुरुजी ने सूरज से पूछा, "तुम क्या करते हो और आगे क्या करना है?" सूरज ने सीधा सा जवाब दिया, "जी पेंटर है, पेंटिंग करते है और इस क्षेत्र में बहुत आगे जाना है।" गुरुजी ने पास रखी किताब से सूरज को कुछ बनाने को कहा। सूरज चुपचाप क्लास में बैठ गया और लगभग दो घंटे में चित्र पूरा कर के गुरुजी के पास आया। गुरुजी ने बाकी बच्चों से कहा, "यह बच्चा बहुत आगे जाएगा क्योंकि इसमें धैर्य है। एक बार बैठा तो अपना काम पूरा कर के ही मेरे पास आया। सूरज को पहले दिन ही गुरुमंत्र मिल गया कि कलाकार के लिए धैर्य बहुत ज़रूरी है। पर सूरज वहां जाने में बहुत हिचकिचाता था क्योंकि सब वहां अच्छा अच्छा कपड़ा पहन कर जाते थे... वह हर बार एक ही कपड़े में और वह कपड़ा भी सही नहीं होता था। सबके सामने उसे अपनी बोली भी सही नहीं लगती थी। पर क्लास के दूसरे बच्चों में रवि, नीरज, मोनू, नेहा नूपुर ने उसका बहुत ही सहयोग किया था नहीं तो वह इस शर्म से क्लास छोड़ दिया होता।
गुरुजी ने एक-एक करके एनाटॉमी, पेन वर्क, डॉट वर्क, 3-डी आर्ट, शेडिंग, कलर सारी चीज़ें बारिकी से सिखाई। जिसका परिणाम था कि साल 2009 में अपने गुरुजी के द्वारा छपरा शहर में कराए गए पेंटिंग एग्जीबिशन का वह हिस्सा बना। यह उसके ज़िंदगी की पहली पेंटिंग प्रदर्शनी थी। अब उसके सपनों में पंख लग चुके थें। उसी साल पटना में सूरज ने अपनी रचनात्मकता दिखाई। उसने अपनी पेंटिंग में गांधीजी के टूटे हुए चश्मे और लाठी से उसने कानून नहीं तोड़ने का संदेश दिया। दो रंगों को मिलाकर गुस्सा और शांति को दिखाया। फिर प्रिंट आर्ट.. उसने प्रिंट आर्ट शुरू किया। सिक्के, पीपल के पत्तों को छाप कर उसने पेंटिंग बनानी शुरू की। फिर बॉडी प्रिंट आर्ट। अब वह बग़ैर ब्रश के भी एक से एक पेंटिंग बनाने लगा था। बॉडी प्रिंट आर्ट के लिए रंग खरीदने के पैसे नहीं होते थे सूरज के पास। पर उसका एक दोस्त था सनी जो हमेशा उसके लिए रंग लाता था। अपने दोस्तों के साथ की वजह से वह धीरे धीरे आगे बढ़ता गया। वाराणसी, जयपुर, गुवाहाटी, भोपाल, ग्वालियर, मुंबई, दिल्ली जैसे कई शहरों में हुए पेंटिंग प्रदर्शनी का वह हिस्सा बना।
पर ज़िंदगी हमेशा अच्छी नहीं रहती। जब सपनों के पंख हमें उड़ने का हौसला देते हैं उसी वक़्त तेज हवा हमें ज़मीन पर धम्म से गिराने का काम करती है। 2004-05 के बाढ़ में उसका गांव कट गया था। घर नदी में चला गया था। तब उसने घर और आर्ट में आर्ट को चुन लिया था। और अब तक अपने फैसले को सही साबित करने के लिए ज़िंदगी से लड़ रहा है। छपरा शहर में जन्मे यह उस सूरज की कहानी है जिसे हम सब सैंड आर्टिस्ट अशोक कुमार के नाम से जानते हैं।
छपरा शहर में जन्मे यह उस सूरज की कहानी है जिसे हम सब सैंड आर्टिस्ट अशोक कुमार के नाम से जानते हैं। ये सैंड आर्ट, वाल पेंटिंग, पोट्रेट, कैलीग्राफी, गोताखोरी के लिए जाने जाते हैं। इन्होंने अपनी कला के बदौलत ये मुकाम हासिल किया है जिसका श्रेय वो अपने गुरु और दोस्तों को देते हैं।






Comments
Post a Comment