ख़ुशी
2018 की पेंटिंग प्रदर्शनी के लिए मैंने 'ख़ुशी' शीर्षक से यह पेंटिंग बनाई थी। तब रंग अच्छे दोस्त नहीं बनें थे, इसलिए मैंने बहुत ही साधारण तरीके से पेन और कलर पेंसिल की मदद से 'ख़ुशी' को दिखाया था।
इसके दो साल बाद यानी 2020 में कला पंक्ति की तरफ़ से नए साल के मौक़े पर आउटडोर पेंटिंग एग्जिबिशन का आयोजन किया गया था। 2020 तक रंग, ब्रश और कैनवास से भी दोस्ती हो चुकी थी। तब मैंने ख़ुशी वाली इस पेंटिंग को दुबारा से बनाया।
यूं तो ख़ुशी की कोई निर्धारित परिभाषा नहीं होती लेकिन यह भी सच है कि बचपन वाली ख़ुशी दुबारा नहीं मिलती। एक छोटे बच्चे को कभी भी बड़े घर और बड़ी गाड़ी की चाहत नहीं होती। वह गुब्बारे, पतंग और अपने खिलौने से हीं खुश हो जाता है। छोटे बच्चों को देखकर एहसास होता है, "खुश होना कितना आसान है" और हम बड़े खुश होने के लिए कितने परेशान होते हैं।
ज़िंदगी चाहती थी
हम अपने प्यालों में
थोड़ी मोहब्बत उड़ेलें..
हमने उसमें नौकरी, पैसा, घर, गाड़ी मिलाकर
ज़िंदगी का स्वाद फिका कर दिया..


Comments
Post a Comment