मेरी पहली पेंटिंग प्रदर्शनी

 

बात सितंबर 2018 की है। उसी साल मैंने आर्ट सीखना शुरू किया था। मशहूर चित्रकार मकबूल फिदा हुसैन (एम एफ हुसैन) की जयंती पर हमारे आर्ट क्लास 'कला पंक्ति' की तरफ़ से हर साल दो दिवसीय पेंटिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है। एम एफ हुसैन अपने समय के सबसे बड़े और महंगे पेंटर हैं। उन्हें भारत का पाब्लो पिकासो माना जाता है।

2018 की प्रदर्शनी मेरी पहली पेंटिंग प्रदर्शनी थी जिसके मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय कलाकार मेहदी शॉ थे। तब मेरी दोस्ती रंगों से नहीं हुई थी, मैं पेन और डॉट वर्क किया करती थी, वह भी गूगल की मदद से।



प्रदर्शनी के पहले कला पंक्ति के निदेशक और हमारे गुरु अशोक सर ने स्पष्ट शब्दों में कहा था, "एक या दो पेंटिंग आपकी खुद की रचना होनी चाहिए।" चूंकि मैंने उसी साल आर्ट की शुरुआत की थी, इसलिए मेरे लिए यह थोड़ा मुश्किल था। 

बहुत सोचने के बाद मैंने पेन और डॉट वर्क से एक पेंटिंग बनाई जिसमें एक दुल्हन आईने के सामने खड़ी है। लाल रंग के लहंगे में सजी संवरी दुल्हन यूं तो बेहद खूबसूरत दिख रही है पर आईने में वह ख़ुद को उस रूप में नहीं देखना चाहती। यह मेरी पहली रचना है जो मेरी सबसे पसंदीदा है।


यह पेंटिंग हकीकत और ख़्वाब के फ़र्क को दिखा रही है। हकीकत दुल्हन बनी है और ख़्वाब आईने में कैद है। इसके पीछे की कहानी बस इतनी है कि ख़्वाब 'काश' बनकर आईने में दिख रहा है। इसे सोचने के लिए मुझे ज़्यादा दूर तक नहीं जाना पड़ा। इसकी सच्चाई हमारे इर्द-गिर्द घूमती है। हमारे समाज में ऐसी कई लड़कियां हैं जिन्हें शादी और दहेज़ का हवाला देकर उन्हें उनके सपनों से दूर कर दिया जाता है।

मेरी दूसरी रचना पर्यावरण से संबंधित थी जिसमें एक ओर फूल, बादल, चिड़िया, किसान सभी को खुशहाल दिखाया गया है तो वहीं दूसरी ओर मानवीय कारणों से पर्यावरण के बिगड़ते संतुलन को। पौधों की उपयोगिता और जंगलों की कटाई के प्रभाव को दिखाती मेरी यह पेंटिंग:-



इन दोनों के अलावा और भी कई आर्ट वर्क थे जो एग्जिबिशन में लगे थे लेकिन वेे सभी गूगल की मदद से बनाए हुए थे। एक वर्क जो मैंने पेन से बनाया था लेकिन दिखने में डिजिटल वर्क लगता था:-

एक किताब जो मैंने गूगल से देखकर बनाई थी। इसे हुबहुं न बनाकर मैंने इस पर 'एंडिंग्स कैन बी ब्यूटीफुल टू' का मैसेज लिखा। किताब की कहानी कई सीख देकर ख़त्म होती है। दिन ढलता है तो रात आती है। आशय यह है कि हर ख़त्म होती चीज़ को एक खूबसूरत मोड़ पर छोड़ा जा सकता है।

 
अशोक सर केे मार्गदर्शन में मेरी यह पहली पेंटिंग प्रदर्शनी बहुत हीं अच्छी रही। 17 और 18 सितंबर 2018 को प्रदर्शनी में लगी मेरी पेंटिंग्स:-



Comments

Post a Comment